राजिम कुम्भ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष पहल

कुम्भ स्पेशल मेमू ट्रेनों का संचालन, “रेल वन ऐप” के प्रचार हेतु विशेष अभियान

छत्तीसगढ़ की पावन त्रिवेणी संगम भूमि पर आयोजित राजिम कुम्भ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेल द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस महत्त्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के दौरान यात्रियों को यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रहे, इसके लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल द्वारा कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इनमें एक ओर रायपुर से राजिम के बीच कुम्भ स्पेशल मेमू ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रेल वन ऐप” के प्रचार हेतु विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

राजिम कुम्भ मेला 2026 में प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की इस भारी आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। इसी क्रम में रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा “रेल वन ऐप” के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 1 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत राजिम कुम्भ मेला क्षेत्र में प्रतिदिन सहायता डेस्क एवं हेल्प डेस्क स्थापित की जा रही हैं। इन हेल्प डेस्कों पर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक एवं प्रशिक्षित कर्मचारी यात्रियों को “रेल वन ऐप” डाउनलोड करने की प्रक्रिया, इसके उपयोग की विधि तथा ऐप में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर रहे हैं। रेल प्रशासन का उद्देश्य है कि यात्री रेलवे से जुड़ी सेवाओं का लाभ एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सरलता और त्वरित रूप से प्राप्त कर सकें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार “रेल वन ऐप” यात्रियों के लिए एक समेकित डिजिटल समाधान है। इस ऐप के माध्यम से यात्री टिकट बुकिंग, ट्रेन की लाइव स्थिति की जानकारी, पीएनआर स्टेटस, शिकायत निवारण, रेल मदद, स्टेशन सुविधाओं से जुड़ी जानकारी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं। राजिम कुंभ जैसे बड़े आयोजन के दौरान इस प्रकार की डिजिटल सुविधा यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।

इसके साथ ही राजिम कुम्भ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए रायपुर-राजिम रेलखंड पर कुम्भ मेला स्पेशल मेमू ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। भारतीय रेल द्वारा इस मार्ग पर कुल दो जोड़ी मेमू कुम्भ मेला स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जो 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन संचालित हो रही हैं। इन ट्रेनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को कम समय में सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिल रहा है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से न केवल श्रद्धालुओं को कुम्भ मेले तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है, बल्कि सड़क मार्ग पर बढ़ने वाले यातायात दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आ रही है। इससे पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

मेमू कुम्भ मेला स्पेशल ट्रेनों की समय-सारणी भी श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तय की गई है। गाड़ी संख्या 08755 रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर रायपुर रेलवे स्टेशन से सुबह 11.55 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए दोपहर 13.20 बजे राजिम पहुंचती है। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08756 राजिम-रायपुर मेमू स्पेशल दोपहर 14.00 बजे राजिम से रवाना होकर 15.30 बजे रायपुर पहुंचती है।

इसके अतिरिक्त दूसरी जोड़ी के अंतर्गत गाड़ी संख्या 08757 रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर दोपहर 14.30 बजे रायपुर से प्रस्थान कर शाम 16.00 बजे राजिम पहुंचती है। वापसी में गाड़ी संख्या 08758 राजिम-रायपुर मेमू स्पेशल रात्रि 20.30 बजे राजिम से चलकर 22.00 बजे रायपुर पहुंचती है।

राजिम कुम्भ मेला 2026 के दौरान रेलवे द्वारा की गई ये व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और संतोष को ध्यान में रखते हुए की गई एक महत्वपूर्ण पहल हैं। कुंभ स्पेशल मेमू ट्रेनों का संचालन और “रेल वन ऐप” के माध्यम से डिजिटल सेवाओं का प्रचार इस बात का उदाहरण है कि आधुनिक तकनीक और सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था के माध्यम से धार्मिक आयोजनों को और अधिक सुचारु बनाया जा सकता है।