छत्तीसगढ़ के प्रयाग के रूप में प्रसिद्ध राजिम में महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पावन त्रिवेणी संगम पर वर्ष 2026 में कुंभ कल्प का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिस प्रकार प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम है, उसी तरह राजिम का यह संगम आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इस संगम में स्नान करने से श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है।
राजिम की पावन धरा पर यह कुंभ कल्प 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक कुल 15 दिनों तक आयोजित होगा। इस दौरान देशभर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का विशाल सैलाब राजिम पहुंचेगा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम में माघी पूर्णिमा स्नान का विशेष आयोजन किया जाएगा।
कुंभ कल्प प्रांगण में प्रतिदिन भक्तिमय वातावरण के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। साथ ही मेला, मड़ई, मीना बाजार तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
राजिम कुंभ कल्प 2026 का समापन 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन होगा। इस संपूर्ण आयोजन के सफल संचालन हेतु पर्यटन विभाग को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।